Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

उत्तराखंड में एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत, सीएम धामी बोले– मातृशक्ति की सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम

हल्द्वानी : उत्तराखंड में एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कोई सामान्य अभियान नहीं है, बल्कि महिलाओं और बेटियों के स्वस्थ भविष्य को सुरक्षित करने का मजबूत संकल्प है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अभियान की शुरुआत कर यह सिद्ध किया है कि उनके लिए नारी सम्मान केवल नारा नहीं, बल्कि अटल और दृढ़ संकल्प है।

सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर चुनौती

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर देश की मातृशक्ति के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। यह हजारों परिवारों के लिए असहनीय दुख और पीड़ा का कारण बन रहा है।

इसी गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है, ताकि इस बीमारी की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य दिया जा सके।

पहले चरण में 155 केंद्रों पर टीकाकरण

उत्तराखंड में अभियान के पहले चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। अभियान की सफलता के लिए डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि कोल्ड चेन व्यवस्था मजबूत रहे और टीकाकरण सुचारु रूप से संचालित हो सके।

कार्यक्रम के दौरान सात बच्चियों को टीका लगाकर अभियान की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री धामी की मौजूदगी में तीनपानी निवासी हाईस्कूल की छात्रा खुशबू पंत को पहला टीका लगाया गया।

नैनीताल जिले की 40 योजनाओं का शिलान्यास

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले से जुड़ी 40 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इनमें हल्द्वानी-काठगोदाम पेयजल पुनर्गठन योजना का शिलान्यास प्रमुख रहा।

सरकार का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सुरक्षा और विकास योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की मातृशक्ति और आमजन को सशक्त बनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *