बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जनपद में शुक्रवार सुबह हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ देर के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि भूकंप से कहीं भी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 मापी गई। इसका समय सुबह 07:48:37 बजे दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र 30.05 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 80.05 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था, जिसकी गहराई जमीन से करीब 10 किलोमीटर बताई गई है।
प्रशासन अलर्ट, हालात पर नजर
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भूकंप के बाद प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिले की सभी तहसीलों से प्राप्त जानकारी के अनुसार फिलहाल किसी भी क्षेत्र से क्षति की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैयार रखी गई हैं।
जनता से अपील
प्रशासन की ओर से आम जनता से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही यदि कहीं कोई असामान्य स्थिति या नुकसान दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को देने को कहा गया है।
फिलहाल जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।