मौसम अपडेट। उत्तराखंड में इन दिनों मौसम की आंखमिचौली देखने को मिल रही है। मार्च के महीने में पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी महसूस की जा रही है, लेकिन अब मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कुछ पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में बादल छाए रहने और मौसम के करवट लेने की संभावना है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
आईएमडी के मुताबिक इन जिलों में 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में 15 मार्च तक मौसम खराब बना रह सकता है।
11 से 13 मार्च के बीच और बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 11 से 13 मार्च के दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
मैदानी इलाकों में मौसम रहेगा शुष्क
प्रदेश के मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि आंशिक बादल छाने से तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पर्वतीय इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।