उत्तराखंड में बढ़ने लगा तापमान, मौसम विभाग ने पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के दिए संकेत

MDDA Advertisement

उत्तराखंड मौसम । उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बिगड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है, लेकिन फिलहाल मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है।

हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को भी प्रदेश के कुछ पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 10 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा।

सोमवार को तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री अधिक 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री अधिक 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री अधिक 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान का हाल कुछ ऐसा ही रहा और कई जगहों पर सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *