देहरादून | उत्तराखंड में मंगलवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने कई जिलों में तेज गर्जन, बारिश, बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट के दायरे में देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर के कुछ हिस्से शामिल हैं।
इसके अलावा अन्य जिलों में भी तेज बारिश और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों, विशेषकर 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई पर स्थित इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों पर खड़े पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।