विनय त्यागी हत्याकांड की जांच के लिए SIT गठित, SSP ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश

रुड़की : पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी की दिनदहाड़े गोलियों से हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है।

पुलिस कस्टडी में हुआ था हमला

24 दिसंबर को विनय त्यागी को रुड़की जेल से लक्सर अदालत में पेशी के लिए पुलिस वाहन से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में विनय त्यागी को करीब तीन गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां तीन दिन बाद शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दो आरोपी गिरफ्तार, केस में बदली धारा

घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया था। पहले इस मामले में हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया गया था, लेकिन विनय त्यागी की मौत के बाद इसे हत्या की धारा में तरमीम कर दिया गया है।

SIT करेगी गहराई से जांच

रविवार रात SSP प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में SIT का गठन किया।
SSP ने निर्देश दिए हैं कि घटना से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जाए । सभी साक्ष्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाए।जांच समयबद्ध तरीके से पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए ।

SIT में शामिल अधिकारी

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी की अगुवाई में गठित SIT में शामिल हैं—

मनोज नौटियाल, एसओ पथरी
अंकुर शर्मा, एसओ बहादराबाद
विपिन कुमार, एसआई लक्सर कोतवाली
विनोद कुंडलिया, हेड कांस्टेबल
महिपाल, कांस्टेबल, रुड़की सीआईयू

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

पुलिस कस्टडी में हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। SIT की जांच से अब यह साफ होने की उम्मीद है कि हमलावरों को मूवमेंट की जानकारी कैसे मिली और सुरक्षा में कहां चूक हुई।

फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है और आगे की कार्रवाई SIT की जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *