देहरादून। लोक भवन (राजभवन) में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय वसंतोत्सव इस वर्ष 27 फरवरी से 1 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूरे उमंग और उत्साह के साथ भव्य आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न मानकर उत्सव के रूप में मनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें। उन्होंने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि यह आयोजन स्थानीय पहचान से आगे बढ़कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाए। इसके लिए अन्य राज्यों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने को कहा गया है।
मिलेट फूड कोर्ट, शहद व एरोमा उत्पाद होंगे आकर्षण
राज्यपाल ने बताया कि वसंतोत्सव के दौरान आईएचएम, जीएमवीएन और राज्य की महिला स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से मिलेट आधारित फूड कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही शहद उत्पादन, एरोमा उत्पाद और मिलेट आधारित उत्पादों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि इस वर्ष से प्रगतिशील किसान, महिला एवं युवा स्टार्टअप को ‘राज्यपाल विशेष पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा, जिससे नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
फ्लोरीकल्चर को मिलेगा बढ़ावा
राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव उत्तराखंड में फ्लोरीकल्चर को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। पुष्प प्रदर्शनी को व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ते हुए इसे रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाना चाहिए।
अधिकारियों ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी में 15 श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें कुल 165 पुरस्कार दिए जाएंगे।
सांस्कृतिक संध्या व विविध कार्यक्रम होंगे आकर्षण
वसंतोत्सव के दौरान सांस्कृतिक संध्या, बैंड प्रस्तुतियां, योग एवं मार्शल आर्ट प्रदर्शन, पेंटिंग प्रतियोगिता और लाइव डेमो जैसे विविध कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।