मुस्लिम यूनिवर्सिटी की मंशा जनता के सामने उजागर, सीएम धामी का विपक्ष पर हमला

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की बात करते थे, अगर वे उस समय सरकार में होते तो निश्चित रूप से उसी दिशा में आगे बढ़ते। उन्होंने कहा कि अब यह बात जनता के सामने पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है।

दून विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह से पूरा मामला सामने आया है, उससे स्थिति साफ हो गई है और प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मदरसे के नाम पर दी गई जमीन का मामला गंभीर

सहसपुर क्षेत्र में मदरसे के नाम पर ट्रस्ट को दी गई जमीन को अन्य लोगों को बेचे जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही कहा कि “यदि जमीन नियम और व्यवस्था के अनुसार नहीं दी गई है तो नियम-कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ी तो जमीन को सरकार में निहित किया जाएगा।”

डॉ. नित्यानंद के विचारों को आगे बढ़ाएगी सरकार

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार डॉ. नित्यानंद की जन्म शताब्दी मना रही है। उन्होंने बताया कि डॉ. नित्यानंद ने सीमांत क्षेत्रों में बिगड़ती जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) को लेकर बहुत पहले चिंता जताई थी।
इसके साथ ही उन्होंने हिमालय और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी महत्वपूर्ण शोध किए थे।

सीएम ने कहा कि डॉ. नित्यानंद के विचारों और शोध को सरकार आगे बढ़ाएगी और उन्हें नीतियों में शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के इस बयान को राजनीतिक हलकों में विपक्ष पर सीधा हमला और आगामी चुनावों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *