देहरादून में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही बीसीए छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत !

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून। देहरादून में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही बीसीए की एक छात्रा की प्री-मेच्योर डिलीवरी के कुछ दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा की रहने वाली थी और अपने ही क्षेत्र के एक युवक के साथ देहरादून में रह रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने यूसीसी पोर्टल पर लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकरण नहीं कराया था, वहीं परिजनों को भी उनके साथ रहने की जानकारी नहीं थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसका प्रेमी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।

यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही थी छात्रा

पटेलनगर थाना क्षेत्र के सीबीएस चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर के अनुसार, मृतक छात्रा सुभाषनगर स्थित एक यूनिवर्सिटी से बीसीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। उसका प्रेमी मनीष भी उसी यूनिवर्सिटी से बीएससी न्यूट्रीशन साइंस की पढ़ाई कर चुका है। दोनों खटीमा के ही निवासी बताए जा रहे हैं।

आठ माह में हुई थी सिजेरियन डिलीवरी

पुलिस के मुताबिक छात्रा गर्भवती थी और कुछ दिन पहले आठ महीने के गर्भ में प्री-मेच्योर सिजेरियन डिलीवरी हुई थी। नवजात शिशु को फिलहाल एनआईसीयू में भर्ती कराया गया है। डिलीवरी के बाद छात्रा प्रेमी के साथ ही रह रही थी।

परिजनों को नहीं थी जानकारी

बताया जा रहा है कि लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर दोनों ने न तो यूसीसी पोर्टल पर पंजीकरण कराया था और न ही परिजनों को जानकारी दी थी। जब छात्रा को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, तभी परिजनों को इस पूरे मामले की जानकारी मिली। बेटी की मौत की खबर मिलते ही खटीमा से उसके परिजन देहरादून पहुंचे।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *