नए साल में बदलेगा उत्तराखंड का मौसम, बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में कोहरे का कहर

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कोहरे के चलते पर्वतीय इलाकों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी सूखी ठंड लोगों को परेशान करेगी। वहीं, नए साल की शुरुआत प्रदेश के लिए बारिश और बर्फबारी का तोहफा लेकर आ सकती है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 दिसंबर को देहरादून समेत छह जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी। इसके साथ ही देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और नैनीताल जिले के कुछ हिस्सों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में मौसम फिलहाल शुष्क रहने की संभावना है।

 

कोहरे से बढ़ेगी ठंड

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि घना कोहरा छाने के कारण मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड का असर और तेज होगा। दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि 29 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा।

 

नए साल पर बारिश और बर्फबारी की उम्मीद

पूर्वानुमान के अनुसार 30 और 31 दिसंबर के साथ 1 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। इसके अलावा 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

 

तापमान पर पड़ेगा असर

बारिश और बर्फबारी का सीधा असर प्रदेशभर के तापमान पर देखने को मिलेगा। खासकर पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी सर्दी का असर तेज होगा।

 

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *