उत्तराखंड में मौसम का कहर, भारी बारिश-ओलावृष्टि से तबाही, चारधाम हेली सेवाएं रोकने के निर्देश

उत्तराखंड मौसम अपडेट: उत्तराखंड में मई महीने में जहां आमतौर पर गर्मी का असर दिखता है, वहीं इस बार मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। रविवार को हुई भीषण बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने कई जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया।

देहरादून जिले के त्यूणी गांव में तेज हवाओं के चलते कई घरों की छतें उड़ गईं। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने की खबरें सामने आई हैं।

मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में अलर्ट

4 मई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, यूएसनगर और चंपावत में भारी बारिश, तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।

5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में खराब मौसम को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है।

चारधाम यात्रा पर असर

खराब मौसम को देखते हुए चारधाम यात्रा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खराब मौसम की स्थिति में हेली सेवाओं का संचालन नहीं किया जाएगा।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों के साथ आपात बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सड़कों पर मलबा आने की स्थिति में उसे प्राथमिकता से हटाने और यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए।

गंगा जलस्तर को लेकर सतर्कता

पहाड़ी क्षेत्रों में भारी वर्षा के बाद टिहरी बांध से पानी छोड़े जाने की संभावना को देखते हुए ऋषिकेश में एसडीआरएफ को अलर्ट पर रखा गया है। गंगा घाटों और तटों पर तीर्थयात्रियों व पर्यटकों को सतर्क रहने की चेतावनी दी जा रही है।

राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

प्रशासन ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें और खराब मौसम में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *