देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के सात पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। देहरादून समेत कुछ जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ सकती है। प्रदेश के शेष जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
इससे पहले रविवार को प्रदेश में मौसम ने करवट ली थी। दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। पर्वतीय क्षेत्रों में चारों धामों के आसपास वर्षा हुई, जबकि केदारनाथ, बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब से लगी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी दर्ज की गई। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी ठंड बढ़ गई।
पर्वतीय क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। बादलों की आवाजाही और बारिश के कारण पहाड़ों में ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम में आए बदलाव का असर चारधाम यात्रियों की संख्या पर भी पड़ा है, हालांकि चारधाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है।