देहरादून। उत्तराखंड में 28 मार्च (शनिवार) को ‘अर्थ ऑवर’ मनाया जाएगा। इस दौरान रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक नागरिकों से गैर-जरूरी लाइटें और विद्युत उपकरण बंद रखने की अपील की गई है। राज्य सरकार ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की है।
‘अर्थ ऑवर’ का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देना, पर्यावरण संतुलन बनाए रखना और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना है। यह अभियान डब्लूडब्लूएफ (World Wide Fund for Nature – WWF) इंडिया के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
राज्य सरकार ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित एक घंटे के लिए गैर-जरूरी बिजली उपकरण बंद कर इस वैश्विक पर्यावरणीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस पहल का मकसद बिजली की बचत के साथ-साथ लोगों को पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
हर साल मार्च के अंतिम शनिवार को होता है आयोजन
आपको बता दें कि ‘अर्थ ऑवर’ एक वैश्विक अभियान है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2007 में हुई थी। आमतौर पर यह हर साल मार्च के अंतिम शनिवार को आयोजित किया जाता है। इस दौरान दुनिया भर के लोग स्वेच्छा से एक घंटे के लिए गैर-जरूरी लाइटें बंद रखते हैं, ताकि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
साल 2026 का ‘अर्थ ऑवर’ विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह इस वैश्विक आंदोलन की 20वीं वर्षगांठ है।
जरूरत के अनुसार ही करें बिजली का उपयोग
पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम में अचानक बदलाव और तापमान में अप्रत्याशित उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। ऐसे में लोगों से अपील की जा रही है कि वे बिजली का उपयोग आवश्यकता अनुसार ही करें और ऊर्जा संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।