उत्तराखंड में दो दिन बाद बदलेगा मौसम, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार

देहरादून | उत्तराखंड में दो दिन बाद मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 19 और 20 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन इसके बाद 21 जनवरी से 24 जनवरी तक पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 21 जनवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 3400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। यह स्थिति 24 जनवरी तक बनी रह सकती है।

मैदानी इलाकों में कोहरे की संभावना

पूर्वानुमान के अनुसार, मौसम परिवर्तन का असर मैदानी जिलों में भी देखने को मिलेगा। कोहरा छाने के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड बढ़ने के आसार हैं। खासकर सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस की जा सकती है।

प्रशासन अलर्ट

पर्वतीय क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *