उत्तराखंड। उत्तराखंड में एक अप्रैल से शराब की कीमतों में 10 फीसदी तक बढ़ोतरी कर दी गई है। आबकारी विभाग ने नए वित्त वर्ष के लिए नई दरें तय कर दी हैं। सरकार ने दिसंबर में एक्साइज ड्यूटी में बदलाव किया था, जिसे बाद में कैबिनेट में लाया गया। अब नए वित्त वर्ष से कीमतों में इजाफा लागू किया जा रहा है।
आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने बताया कि यह वार्षिक बढ़ोतरी है। राज्य में तीन वर्षों के लिए आबकारी नीति लागू की गई है और नई आबकारी नीति वर्ष 2028 में बनाई जाएगी। आबकारी विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रति बोतल ₹5 से ₹20 तक की बढ़ोतरी की गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी शराब की कीमतों में 5 फीसदी से अधिक की वृद्धि की गई थी।
सांसद अजय भट्ट ने नई शराब दुकानों का किया विरोध
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट ने नैनीताल जिले के रातीघाट, मंगोली और बजून में प्रस्तावित शराब की दुकानों का विरोध किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर इन दुकानों के ठेके निरस्त करने की मांग की है।
अजय भट्ट ने कैंची धाम के निकट शराब की दुकान खोले जाने को जनभावनाओं के विपरीत बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से दूरभाष पर वार्ता कर इस विषय पर चिंता जताई और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सांसद ने बताया कि रातीघाट, मंगोली और बजून प्रमुख ग्रामीण बाजार हैं, जहां आसपास के गांवों के लोग दैनिक जरूरतों के लिए आते हैं। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन स्थानों पर शराब की दुकान खोलना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इन क्षेत्रों में प्राथमिक विद्यालयों के साथ शहीद संजय बिष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भी स्थित है, ऐसे में शिक्षण संस्थानों के समीप मदिरा की दुकान खुलने से छात्रों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।