दून-मसूरी मार्ग पर बनेगा दूसरा बैली ब्रिज, 20 दिन में राहत मिलने का दावा

देहरादून: देहरादून से मसूरी जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए राहत की खबर है। दून-मसूरी मार्ग पर शिव मंदिर के पास पिछले वर्ष आपदा में ध्वस्त हुए पुल के स्थान पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने दूसरे बैली ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। विभाग का दावा है कि अगले 20 दिनों के भीतर यह पुल बनकर तैयार हो जाएगा, जिससे इस मार्ग पर लगने वाले भारी जाम से राहत मिलेगी।

पिछले साल सितंबर में भारी बारिश और आपदा के कारण यहां स्थित मुख्य पुल ध्वस्त हो गया था। इसके बाद विभाग ने अस्थायी व्यवस्था के तहत एक बैली ब्रिज तैयार किया था। वर्तमान में वाहनों का दबाव बढ़ने और आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए एक पुल पर्याप्त नहीं माना जा रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड ने 40 मीटर लंबे और छह मीटर चौड़े दूसरे बैली ब्रिज का निर्माण शुरू किया है। दो पुल तैयार होने के बाद दोनों दिशाओं में यातायात सुचारु रूप से चल सकेगा।

स्थायी पुल निर्माण भी जारी

बैली ब्रिज के साथ ही विभाग स्थायी पुल के निर्माण पर भी काम कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार स्थायी पुल का निर्माण अगले चार महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। तब तक दोनों बैली ब्रिज ही यातायात का मुख्य सहारा रहेंगे।

चारधाम यात्रा और गर्मियों की छुट्टियों के दौरान मसूरी आने वाले सैलानियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यात्रा सीजन से पहले व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा

पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि जाम की समस्या को कम करने के लिए दूसरे बैली ब्रिज का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन के चरम पर पहुंचने से पहले यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु कर लिया जाएगा और पुल को जल्द ही जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *