उत्तराखंड में आज कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, हरिद्वार में स्कूल बंद; जानें अगले तीन दिन का मौसम

MDDA Advertisement

देहरादून: उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के सभी जिलों में ज्यादातर स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार शनिवार को कई स्थानों पर बादल गरजने के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। पूरे प्रदेश के लिए सोमवार तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

हरिद्वार में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने छात्र-छात्राओं और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने के आदेश दिए हैं। आदेश के अनुसार 5 सितंबर, शनिवार को हरिद्वार जिले के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

 

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान में 5 सितंबर को हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। हरिद्वार में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने की संभावना है।

 

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, सभी तहसीलों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालय अथवा संबंधित विभाग के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?

 

5 सितंबर, शनिवार: हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और अलमोड़ा में हल्की बारिश हो सकती है।

 

6 सितंबर, रविवार: हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

 

7 सितंबर, सोमवार: पौड़ी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *