सोमेश्वर में अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई स्कॉर्पियो, दो घायल और एक लापता

अल्मोड़ा। जिले के सोमेश्वर क्षेत्र में पच्चीसी के पास एक स्कॉर्पियो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में तीन लोगों के सवार होने की सूचना है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए दो घायलों को वाहन से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौसानी भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है।

अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरा वाहन

जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सोमेश्वर पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस अल्मोड़ा की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं।

प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार सोमेश्वर को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

दो घायलों को हल्की चोटें

दुर्घटना में घायल दो लोगों की पहचान प्रकाश राम (32 वर्ष) पुत्र प्रताप राम निवासी रनमन, थाना सोमेश्वर और राजेंद्र कुमार पुत्र बहादुर राम निवासी छानी लवेशाल, थाना सोमेश्वर के रूप में हुई है।

दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी कौसानी भेजा गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

तीसरे व्यक्ति की तलाश में सर्च ऑपरेशन

बताया जा रहा है कि वाहन में एक और व्यक्ति सवार था, जो दुर्घटना के बाद से लापता है। उसकी तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन का कहना है कि लापता व्यक्ति की खोज जारी है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *