हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में पीलीकोठी चौराहे के पास दो गुटों के बीच विवाद के बाद हुई भगदड़ जैसी स्थिति के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने 20 लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल फुटेज में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है।
घटना मुखानी थाना क्षेत्र में 6 और 7 अगस्त की देर रात की बताई जा रही है। पीलीकोठी चौराहे के पास दो गुटों के बीच विवाद के बाद अचानक सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज से 20 लोगों की पहचान
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल 20 लोगों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ थाना मुखानी में धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत सभी 20 लोगों का चालान किया गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुल 10 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला गया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले में 20 आरोपियों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई है और पूरे प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
मारपीट के साक्ष्य नहीं मिले
पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है। फुटेज में केवल भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि मारपीट या किसी अन्य दंडनीय कृत्य से संबंधित तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी तरह के हुड़दंग से बचने की अपील की है।