Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

नेपाल से आरोपी को लाने के लिए पुलिस का चौतरफा एक्शन, प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू

देहरादून | देहरादून में त्रिपुरा के 24 वर्षीय छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी नेपाल निवासी यज्ञराज अवस्थी को पकड़ने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। आरोपी को भारत लाने के लिए पुलिस ने चौतरफा रणनीति तैयार की है और अब प्रत्यर्पण (एक्सट्राडिशन) की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

एसटीएफ और एसओजी मैदान में

आरोपी को देहरादून लाने के लिए उत्तराखंड एसटीएफ को विशेष रूप से लगाया गया है। वहीं एसटीएफ की मदद के लिए एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की टीमें नेपाल भेजी गई हैं। पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

लोकेशन ट्रेस, लेकिन कानूनी अड़चन

सूत्रों के अनुसार पुलिस ने यज्ञराज अवस्थी की लोकेशन नेपाल में ट्रेस कर ली है, लेकिन उसे भारत लाने में भारत-नेपाल संधि से जुड़ी कानूनी अड़चनें सामने आ रही हैं। इसी कारण पुलिस को उसे तुरंत गिरफ्तार कर भारत लाने में सफलता नहीं मिल पाई।

प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू

स्थिति को देखते हुए देहरादून पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए नेपाल सरकार से भी औपचारिक संपर्क किया गया है, ताकि आरोपी को कानूनी तरीके से भारत लाया जा सके।

24 घंटे में पकड़े गए थे पांच आरोपी

गौरतलब है कि बीते 9 दिसंबर को आपसी विवाद के चलते आरोपियों ने एंजेल चकमा पर चाकू और कड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो नाबालिगों सहित पांच आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि नेपाल निवासी यज्ञराज अवस्थी घटना के बाद फरार हो गया था।

पुलिस की सख्त नजर

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और इंटेलिजेंस को भी सक्रिय रखा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

एंजेल चकमा हत्याकांड में आरोपी को सजा दिलाने के लिए उत्तराखंड पुलिस हर संभव कदम उठा रही है। प्रत्यर्पण प्रक्रिया पूरी होते ही आरोपी को भारत लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *