उत्तराखंड में ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें, हरिद्वार–ऋषिकेश में छाया घना कोहरा, बने बारिश-बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में ठंड का असर अब साफ़ तौर पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हो रही है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी धुंध और ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार सुबह हरिद्वार और ऋषिकेश में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 20 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि 21 दिसंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

मौसम की करवट बदलने से शहरों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी कोहरे की मोटी चादर छा गई है। चारों ओर धुंध फैली रहने से ठंड अचानक बढ़ गई है। इसका सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों और बच्चों पर देखा जा रहा है। ठंड बढ़ने से लोग घरों से निकलने में भी हिचकिचा रहे हैं।

घने कोहरे के कारण हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दृश्यता कम होने की वजह से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाने पड़ रहे हैं। वहीं, ऋषिकेश भी सुबह के समय पूरी तरह कोहरे की गिरफ्त में नजर आया।

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासतौर पर सुबह और रात के समय यात्रा करते वक्त सतर्क रहने की अपील की गई है। आने वाले दिनों में पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से ठंड और बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *