देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को डालनवाला कोतवाली का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार मैनवाल ड्यूटी से नदारद मिले। मुख्यमंत्री ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से कोतवाल को लाइन हाजिर करने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री की इस अचानक कार्रवाई से पुलिस विभाग में खलबली मच गई।
![]()
मुख्यमंत्री की फ्लीट रायपुर रोड से गुजर रही थी, तभी वे अचानक डालनवाला कोतवाली पहुंच गए। यहां उन्होंने सबसे पहले ड्यूटी रजिस्टर की जांच की, जिसमें निरीक्षक की गैरमौजूदगी सामने आई। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि जनता की सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कोतवाली के लॉकअप में गंदगी और अव्यवस्था देखकर मुख्यमंत्री और अधिक नाराज हो गए। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि थाने की साफ-सफाई ही प्रशासन की कार्यशैली को दर्शाती है और इसमें कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने थाने में मौजूद शिकायतकर्ताओं और महिलाओं से सीधे बातचीत की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि जिम्मेदारी के साथ उनका समाधान करें। महिला हेल्प डेस्क और एफआईआर रजिस्टर की भी गहन जांच की गई।
इलाके में बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था पर भी मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और इसकी विस्तृत जांच के निर्देश दिए। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तलब कर उन्होंने दो टूक कहा कि वर्दी में लापरवाही और जनसेवा में ढिलाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी। जो भी अपने कर्तव्यों में ढिलाई बरतेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसी दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय में संचालित अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से संवाद कर उनकी दिनचर्या, सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण हर हाल में उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए स्वयं भी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित खेल गतिविधियों में भाग लिया और कहा कि राज्य सरकार युवाओं को सेना भर्ती के लिए निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।