Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

‘बीमार सिस्टम’ ने ली पहाड़ की एक और जान, एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से महिला की मौत

श्रीनगर: पहाड़ में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली ने एक बार फिर एक महिला की जान ले ली। जिला अस्पताल से समय पर रेफर नहीं किए जाने और एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म हो जाने के कारण नगर पालिका की सफाई कर्मी रेखा देवी की रास्ते में मौत हो गई। इस घटना से लोगों में भारी आक्रोश है।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार को तबीयत बिगड़ने पर रेखा देवी को जिला अस्पताल बौराड़ी ले जाया गया। वहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर करने में करीब डेढ़ घंटे की देरी कर दी गई। इसके बाद जो एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई, वह बेहद खस्ताहाल स्थिति में थी। रास्ते में ऑक्सीजन सिलेंडर खत्म हो गया, जिससे रेखा देवी की हालत और बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।

शुक्रवार सुबह जैसे ही यह खबर फैली, पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। नगर पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी अस्पताल के गेट पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि जब तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।

इस मामले में सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने बताया कि रेखा देवी का जिला अस्पताल में हाइपरटेंशन और शुगर का इलाज चल रहा था। 21 जनवरी को ही उन्हें हायर सेंटर दिखाने की सलाह दी गई थी।

गुरुवार रात हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया। पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *