देहरादून: संत रविदास जयंती के पावन अवसर पर शनिवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा डीएल रोड से शुरू होकर बेनी बाजार, ओरिएंट चौक, पलटन बाजार, राजा रोड, तहसील चौक, कनक चौक और सर्वे चौक होते हुए पुनः डीएल रोड पर समाप्त होगी। यात्रा दोपहर करीब दो बजे शुरू होगी और देर रात तक चलेगी।
शोभायात्रा के चलते शहर के कई प्रमुख इलाकों में यातायात प्रभावित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सुविधा और जाम से बचाव के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है।
यह रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान
शोभायात्रा के डीएल रोड से बेनी बाजार पहुंचने पर बहल चौक से सर्वे चौक की ओर आने वाला ट्रैफिक पूरी तरह रोका जाएगा।
सर्वे चौक से बेनी बाजार जाने वाले ट्रैफिक को आंशिक रूप से डायवर्ट किया जाएगा।
शोभायात्रा के बहल चौक पहुंचने पर, सर्वे चौक से बहल चौक की ओर जाने वाले ट्रैफिक को रोजगार तिराहा होते हुए भेजा जाएगा।
बहल चौक से बेनी बाजार जाने वाले वाहनों को रोक-रोककर निकाला जाएगा।
बहल चौक पार करने के बाद शोभायात्रा के साथ-साथ यातायात का संचालन किया जाएगा।
ग्लोब चौक पहुंचने पर, पैसिफिक तिराहा से ग्लोब चौक की ओर आने वाले ट्रैफिक को बेनी बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
घंटाघर पहुंचने पर, दर्शनलाल चौक और ओरिएंट चौक से घंटाघर की ओर जाने वाले ट्रैफिक को आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा।
पलटन बाजार में प्रवेश करने पर, सभी ओर से ट्रैफिक को सामान्य कर दिया जाएगा।
राजा रोड पहुंचने पर, प्रिंस चौक से तहसील की ओर जाने वाले ट्रैफिक को चंदन नगर की तरफ मोड़ा जाएगा।
तहसील चौक पहुंचने पर, द्रोण कट से तहसील चौक जाने वाले ट्रैफिक को आईजी कट होते हुए दून चौक की ओर भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।