देहरादून में पुलिसकर्मी पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप, बजरंग दल का प्रदर्शन; सिपाही लाइन हाजिर

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून: राजधानी देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। युवती ने एक पुलिसकर्मी पर अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने लक्खीबाग चौकी के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और सहारनपुर रोड पर जाम लगा दिया।

 

बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि युवती ने पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत दी थी, लेकिन शिकायत के दो दिन बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में कार्यकर्ता लक्खीबाग चौकी पहुंचे और आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

 

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए, जिससे सहारनपुर रोड पर यातायात बाधित हो गया। घंटाघर और धर्मपुर चौक की ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में स्कूली बच्चों के साथ बड़ी संख्या में लोग फंसे रहे। कुछ मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति बिगड़ने पर कार्यकर्ता सड़क की दूसरी तरफ भी बैठ गए, जिससे दोनों ओर यातायात प्रभावित हुआ।

 

सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। कार्यकर्ता आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों की ओर से शाम पांच बजे तक कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे में प्रदर्शन समाप्त हुआ और जाम खोल दिया गया।

 

बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी थी कि यदि शाम तक आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो शाम छह बजे घंटाघर पर जाम लगाया जाएगा। हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर किए जाने के बाद फिलहाल प्रदर्शन समाप्त हो गया।

 

सिपाही को लाइन हाजिर किए जाने के बाद मामले में विभागीय स्तर पर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि एक प्रकरण सामने आया है, जिसमें महिला ने आरोप लगाया है कि एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद कुछ लोगों ने सड़क जाम किया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को आश्वासन दिया गया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में यदि कोई आरोपी पाया जाता है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *