देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न सिर्फ राज्य के विकास का रोडमैप दिया, बल्कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का एजेंडा भी तय कर गए।
एफआरआई परिसर में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री ने अपने 29 मिनट के भाषण में साफ संदेश दिया कि आने वाले समय में “विकास और सनातन” ही पार्टी के प्रमुख मुद्दे रहेंगे।

“डबल इंजन सरकार ने विकास को ब्रेक नहीं लगने दिया”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तराखंड ने विकास की यात्रा में कई चुनौतियों का सामना किया है, लेकिन केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने हर बाधा को दूर कर प्रगति का रास्ता खोला।उन्होंने कहा ,“कई बार बाधाएं आईं, लेकिन भाजपा की मजबूत सरकार ने सुनिश्चित किया कि विकास को ब्रेक न लगे।”
पीएम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली और राज्य सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड अब उत्कर्ष के कालखंड में प्रवेश कर चुका है।
29 मिनट के भाषण में 66 बार लिया “उत्तराखंड” का नाम
प्रधानमंत्री मोदी के भाषण में उत्तराखंड के प्रति उनका भावनात्मक जुड़ाव झलकता रहा।उन्होंने अपने 29 मिनट के संबोधन में 66 बार “उत्तराखंड” शब्द का उल्लेख किया।पीएम ने पहाड़ के लोगों के संघर्ष, परिश्रम और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि “उत्तराखंड की देवतुल्य जनता ने वर्षों तक जो सपना देखा था, अटलजी की सरकार ने उसे पूरा किया।”
प्रधानमंत्री ने राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि नौ नवंबर का दिन एक लंबी तपस्या का फल है।उन्होंने कहा , “जिन्हें पहाड़ों से प्यार है, जिनका दिल देवभूमि के साथ धड़कता है, उनका मन आज गर्व और आनंद से भरा हुआ है।”

“उत्तराखंड का दशक अब शुरू हो चुका है”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब वह आध्यात्मिक यात्रा पर उत्तराखंड आते थे, तो यहां के लोगों की मेहनत और संघर्ष भावना उन्हें प्रेरित करती थी।
उन्होंने कहा — “यहां बिताए दिनों ने मुझे उत्तराखंड के असीम सामर्थ्य का साक्षात परिचय कराया। जब मैंने ‘उत्तराखंड दशक’ की बात की थी, वह केवल वाक्य नहीं था, बल्कि मुझे यहां के लोगों पर पूरा भरोसा था।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज उनका यह विश्वास और भी दृढ़ हो गया है कि “उत्तराखंड के उत्कर्ष का समय अब शुरू हो चुका है।”
भाजपा चुनावी मोड में
राज्य में भले ही चुनाव 2027 में होने हैं, लेकिन भाजपा अब चुनावी मोड में आ चुकी है।
मुख्यमंत्री धामी पिछले एक महीने से लगातार विकास कार्यों के लोकार्पण, शिलान्यास और जनसंपर्क कार्यक्रमों में सक्रिय हैं।
पीएम के रजत जयंती संबोधन ने साफ संकेत दे दिया है कि आने वाले वर्षों में भाजपा विकास, सनातन संस्कृति और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के एजेंडे पर आगे बढ़ेगी।