चारधाम यात्रा अपडेट। उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। इस बार चारधाम यात्रा मार्ग पर दिन के समय केवल तीर्थयात्री वाहनों को अनुमति होगी, जबकि भारी मालवाहक वाहन रात 9 बजे के बाद ही संचालित हो सकेंगे।
रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय में ग्रीन कार्ड प्रणाली के शुभारंभ के अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा अवधि के दौरान दिन में मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा, जिससे जाम की स्थिति कम होगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुचारु यात्रा का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा सुबह से रात 9 बजे तक संचालित होगी। इसके बाद ही भारी वाहन चारधाम रूट पर चल सकेंगे। सरकार यात्रा का समय भी निर्धारित करने जा रही है ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।
इस अवसर पर एनआईसी उत्तराखंड के वरिष्ठ निदेशक हिमांशु कुमार और संयुक्त निदेशक रमन पुंडीर के योगदान की भी सराहना की गई।
ग्रीन कार्ड के लिए बनाए जाएंगे अतिरिक्त काउंटर
हरिद्वार से चारधाम यात्रा के लिए पहले दिन 11 व्यावसायिक यात्री वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किए गए। मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि केवल तकनीकी जांच में फिट पाए जाने वाले वाहनों को ही ग्रीन कार्ड मिलेगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न क्षेत्रों में ग्रीन कार्ड जारी करने हेतु अतिरिक्त काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि वाहन संचालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ऋषिकेश में पहले दिन 40 ग्रीन कार्ड जारी
ऋषिकेश में सोमवार से व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड बनने शुरू हो गए। पहले दिन 40 बस, टैक्सी और मैक्सी वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किए गए।
परिवहन विभाग द्वारा वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा और अन्य आवश्यक कागजात की जांच के बाद ही ग्रीन कार्ड जारी किया जा रहा है। पिछले वर्ष यात्रा के पहले दिन 13 ग्रीन कार्ड बने थे, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 40 हो गई है।
एआरटीओ कार्यालय में हवन-यज्ञ के बाद ग्रीन कार्ड प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने रिबन काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की।