रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में मंगलवार को एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई। तहसील रुद्रप्रयाग के सिंद्रवाणी क्षेत्र में गुलदार ने घर के आंगन में मां के साथ मौजूद पांच वर्षीय बच्चे को झपटकर जंगल की ओर खींच लिया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चा अपनी मां के साथ घर के आंगन में था। अचानक झाड़ियों से निकले गुलदार ने मां के हाथ से बच्चे को झपटा और देखते ही देखते जंगल की ओर भाग गया। मां की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गुलदार ओझल हो चुका था।
स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश
घटना के बाद प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए चार और पांच फरवरी को क्षेत्र के आठ विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।
अवकाश घोषित विद्यालयों में जकीय प्राथमिक विद्यालय चमसील,सारी,सिंद्रवाणी,झालीमठ,छिनका,हिलोरीधार,राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छिनका शामिल है।
जनता हाई स्कूल ककोड़ाखाल
इसके साथ ही इन विद्यालयों के आसपास संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी दो दिन का अवकाश रहेगा।
बच्चे की तलाश जारी
न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिंद्रवाणी गांव में हुई इस घटना के बाद से ग्रामीण, वन विभाग और प्रशासन की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। जंगल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाश की जा रही है।
घटना से गांव में भय और चिंता का माहौल है। परिजन और ग्रामीण प्रशासन से जल्द कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
जनप्रतिनिधि ने उठाई चिंता
जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि क्षेत्र में जंगली जानवरों और मानव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस और स्थायी समाधान किया जाए।
फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और ग्रामीण बच्चे की सकुशल बरामदगी की आस लगाए हुए हैं।