रुद्रपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने युवक को कुचला, मौके पर मौत; चालक मौके से फरार

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित व्यस्त गल्ला मंडी चौक पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने सड़क किनारे खड़े युवक को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

 

गल्ला मंडी चौक पर हुआ भीषण हादसा

 

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे गल्ला मंडी चौक पर एक युवक सड़क किनारे खड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक प्रसाद लेकर गल्ला मंडी की ओर से चौराहे की तरफ आ रहा था। इसी दौरान काशीपुर की ओर से आ रहा एक डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि चालक ने सामने चल रहे वाहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण खो बैठा और डंपर सीधे युवक को टक्कर मारते हुए उसके ऊपर से गुजर गया।

 

हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

 

चालक वाहन छोड़कर फरार

 

हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बाजार चौकी प्रभारी प्रदीप पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

मृतक की पहचान कराने में जुटी पुलिस

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक रम्पुरा क्षेत्र का निवासी है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी थी। पुलिस परिजनों का पता लगाने और मृतक की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।

 

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाई

 

रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चालक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *