मसूरी के होमस्टे में नवविवाहिता आईटी इंजीनियर की मौत, जांच में जुटी पुलिस

मसूरी: मसूरी के टिपरीधार क्षेत्र स्थित एक होमस्टे में गुरुग्राम की 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका अपने पति के साथ घूमने के लिए उत्तराखंड आई थी। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27) पत्नी सौम्या श्रीचरण, निवासी पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दंपति 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे और 14 जून की रात करीब 11:30 बजे मसूरी स्थित कियाना होमस्टे में ठहरे थे। दोनों ने “ब्लिस” नामक कमरे में रात बिताई।

 

पति सौम्या श्रीचरण ने पुलिस को बताया कि दोनों ने रात में शराब का सेवन किया था और देर रात सोने चले गए थे। सुबह उठने पर उन्होंने अपनी पत्नी को अचेत अवस्था में पाया। उनके अनुसार मृतका की नाक से खून निकल रहा था तथा शरीर से यूरिन भी निकला हुआ था।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया। कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी कराई।

 

जांच के दौरान महिला का शव कमरे के फर्श पर मिला। कमरे से दो खाली शराब की बोतलें, खाद्य सामग्री तथा कुछ अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस को घटनास्थल से कुछ दवाओं के खाली रैपर भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

 

जानकारी के अनुसार दोनों का विवाह 8 नवंबर 2025 को हुआ था। पति पुणे स्थित एक आईटी कंपनी में कार्यरत है, जबकि मृतका गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थी।

 

पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल, देहरादून भेज दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया गया है।

 

घटना की सूचना मिलने पर मृतका के सास-ससुर मौके पर पहुंच गए हैं, जबकि उसके माता-पिता को भी सूचना दे दी गई है। दोनों परिवार मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के निवासी बताए जा रहे हैं।

 

पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *