देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 17 से 19 जून 2026 तक राष्ट्रीय युवा संसद 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम उत्तराखंड यंग थिंकर्स फोरम, आईलीड्स फाउंडेशन, दून यूनिवर्सिटी स्टूडेंट काउंसिल तथा MY Bharat के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से युवा प्रतिभागी इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिए देहरादून पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ 17 जून को उत्तराखंड सरकार के मंत्रियों की उपस्थिति में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।
आयोजकों के अनुसार, पहले दिन के प्रथम संसदीय सत्र में प्रतिभागी “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर चर्चा और वाद-विवाद करेंगे। इसके अलावा युवा प्रतिनिधियों को प्रधानमंत्री के निर्वाचन, मंत्रिमंडल गठन, विधेयकों की प्रस्तुति, प्रश्नकाल, शून्यकाल, विधेयकों पर चर्चा और मतदान, अविश्वास प्रस्ताव समेत संसदीय प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव कराया जाएगा।
राष्ट्रीय युवा संसद के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, नीति निर्माण की समझ और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में भाग लेने वाले युवा देश के विकास, लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को लेकर भी विचार-विमर्श करेंगे।
आयोजकों का मानना है कि यह मंच युवाओं को संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने का अवसर प्रदान करेगा, जिससे वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक और प्रभावी नेतृत्वकर्ता के रूप में उभर सकें। देशभर से आए युवा प्रतिनिधि विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी और योगदान पर भी मंथन करेंगे।