हल्द्वानी: शहर को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम ने बड़ा अभियान चलाया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में राजपुरा और टनकपुर रोड क्षेत्र में निरीक्षण कर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए कई फड़, ठेले और अस्थायी ढांचे हटाए गए, जबकि कई फड़ और ठेले जब्त भी किए गए।
अचानक हुई कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। नगर निगम की टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ चालान भी किए। निरीक्षण के दौरान खुले में मीट बेच रहे विक्रेताओं को सख्त चेतावनी देते हुए खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि सड़क, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
अभियान के दौरान नगर आयुक्त ने धोबीघाट क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां गंदगी और खराब सफाई व्यवस्था मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों और जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई। साथ ही मौके पर ही सफाई व्यवस्था में सुधार और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
नशा तस्करों पर भी पुलिस का शिकंजा
वहीं दूसरी ओर नैनीताल पुलिस ने नशा तस्करी, अवैध शराब और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार लालकुआं के बिंदुखत्ता क्षेत्र से एक आरोपी को 9.12 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस ने एक सट्टेबाज और अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक अन्य आरोपी को भी दबोचा है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन और पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।