देहरादून : राजधानी देहरादून में खनन से जुड़े वाहन मौत बनकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। सहस्त्रधारा रोड से एक खौफनाक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि एक खनन ट्रक बेकाबू रफ्तार से दौड़ रहा था। हैरानी की बात यह रही कि वाहन पर पीछे नंबर प्लेट नहीं थी और आगे हरियाणा का नंबर दर्ज था।
यह घटना गुजराडा मानसिंह से लेकर रायपुर क्रॉसिंग के बीच की बताई जा रही है। उस समय नो-एंट्री का समय खत्म हो चुका था और सड़क पर बच्चे बड़ी संख्या में स्कूल बसों और निजी वाहनों से गुजर रहे थे।
इसी बीच, रायपुर क्रॉसिंग पर एक बाइक सवार ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रक को रोकने की कोशिश की। लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उस शख्स को कुचलने का प्रयास किया। गनीमत रही कि समय रहते हादसा टल गया, वरना बड़ी जानलेवा दुर्घटना हो सकती थी।
इस घटना ने एक बार फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर देहरादून की सड़कों पर ऐसे खनन वाहन कब तक लोगों की जान से खिलवाड़ करते रहेंगे? स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, वरना किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।