रुड़की :बुग्गावाला थाना क्षेत्र के तेलपुरा पुल के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में जीजा-साले की मौके पर ही मौत हो गई।
ये हादसा शुक्रवार की शाम को घटित हुआ।जानकारी के अनुसार, सचिन पुत्र वेदपाल, निवासी ग्राम टांडा मानसिंह (थाना बिहारीगढ़, सहारनपुर) अपने साले काका निवासी ग्राम अन्नेकी (जिला हरिद्वार) के साथ बाइक से अन्नेकी गांव जा रहे थे। शाम करीब चार बजे, जब वे तेलपुरा के निकट पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक लोडर वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही बुग्गावाला थाना प्रभारी भगवान मेहर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।
पुलिस ने लोडर वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।