‘नींबू-मिर्च’ के बहाने रेकी, फिर चोरी… डोईवाला पुलिस ने पकड़ा शातिर गैंग

देहरादून : राजधानी में चोरी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां टोटके और तंत्र-मंत्र के नाम पर घरों की रेकी कर चोरी करने वाले एक गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ‘नींबू-मिर्च’ बेचने के बहाने यह गिरोह बंद घरों को निशाना बनाता था।

475 CCTV कैमरों से खुला राज

नकरौंदा क्षेत्र में सोने-चांदी के जेवरात की बड़ी चोरी के बाद पुलिस हरकत में आई। एसएसपी के निर्देश पर टीम ने इलाके के करीब 475 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। गहन जांच के बाद पुलिस को तीन संदिग्धों तक पहुंचने में सफलता मिली।

टोटके के नाम पर करते थे रेकी

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नींबू-मिर्च और टोटके बेचने के बहाने कॉलोनियों में घूमते थे। इस दौरान वे यह देखते थे कि कौन सा घर बंद है और कहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।

भीड़ में करते थे वारदात

गिरोह चोरी के लिए ऐसे समय का चयन करता था जब सड़क पर भीड़भाड़ अधिक हो, ताकि किसी को शक न हो और सीसीटीवी में आने के बावजूद पहचान मुश्किल हो जाए।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बिंडलास रेजीडेंसी के पास से तीनों आरोपियों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुनाल (19), अलकित (22) और नितिन (21) के रूप में हुई है, जो हरिद्वार के घिस्सुपुरा क्षेत्र के रहने वाले हैं।

अन्य वारदातों का भी कबूलनामा

पूछताछ में आरोपियों ने रानीपोखरी क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित मामलों की जांच कर रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि अनजान फेरीवालों या संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *