कोटद्वार बाबा विवाद पर सीएम धामी का तीखा हमला, बोले– “नाम के आगे मोहम्मद लगा दो, यह क्या बात हुई?”

चंपावत। उत्तराखंड के कोटद्वार में ‘बाबा’ दुकान नाम विवाद को लेकर अब प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा बयान देते हुए कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। चंपावत जिले में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने कहा,
“नाम के आगे मोहम्मद लगा दो, अच्छे लगते हैं… यह क्या बात हुई?”

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जो लोग कथित तौर पर अपने “पवित्र” हिंदू नामों से पहले ‘मोहम्मद’ जोड़ते हैं, कांग्रेस के युवराज उनके समर्थन में ट्वीट करते हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस की वोट बैंक राजनीति का उदाहरण बताया।

देवभूमि की पहचान की रक्षा का दावा

सीएम धामी ने कहा कि उनकी सरकार देवभूमि उत्तराखंड की मूल पहचान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में जबरन धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून बनाया गया है और लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

“नाम बदलकर धोखा देने वालों को कांग्रेस का समर्थन”

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति के चलते ऐसे लोगों को पसंद करती है, जो नाम बदलकर धोखा देते हैं, निर्दोष महिलाओं और लड़कियों को भ्रमित करते हैं और उनका भविष्य बर्बाद करते हैं।
धामी ने कहा,
“कांग्रेस को इन गंभीर मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है। उन्हें ऐसे लोग भी पसंद हैं, जो अपने पवित्र हिंदू नामों से पहले ‘मोहम्मद’ जोड़ लेते हैं।”

क्या है कोटद्वार ‘बाबा’ विवाद

यह पूरा मामला कोटद्वार में स्थित ‘बाबा’ नामक कपड़ों की दुकान से जुड़ा है। यहां बजरंग दल के कार्यकर्ता दुकान के नाम को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और 70 वर्षीय दुकानदार वकील अहमद पर नाम बदलने का दबाव बना रहे थे।
इसी दौरान जिम संचालक दीपक कुमार ने प्रदर्शनकारियों का विरोध किया और कथित तौर पर खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री धामी ने इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के “शहजादे” ने बिना पूरी जानकारी के व्यक्ति के समर्थन में पार्टी को खड़ा कर दिया।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर दीपक कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें “भारत का हीरो” बताया था। मुख्यमंत्री ने इसे कांग्रेस की तुष्टीकरण नीति का एक और उदाहरण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *