भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहा, उत्तराखंड की स्नेह राणा बनीं गर्व का कारण

देहरादून। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एक ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए पहली बार वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है। इस शानदार प्रदर्शन में उत्तराखंड की बेटी स्नेह राणा का अहम योगदान रहा। स्नेह के बेहतरीन खेल और जज़्बे ने न केवल भारत को जीत दिलाई, बल्कि पूरे उत्तराखंड को गर्व से भर दिया।

देहरादून एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद जब ऑलराउंडर स्नेह राणा पहली बार देहरादून लौटीं, तो एयरपोर्ट पर उनका स्वागत ढोल-नगाड़ों और फूल मालाओं के साथ किया गया। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने “भारत माता की जय” के नारों से पूरे माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

स्नेह राणा ने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह जीत पूरे भारत की है। हमारी मेहनत और टीम स्पिरिट का ही नतीजा है कि हम वर्ल्ड कप जीत पाए। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मिलना एक प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने टीम का उत्साह बढ़ाया।”

परिवार में खुशी का माहौल

स्नेह के बड़े भाई कमल राणा और भाभी ऋचा राणा भी एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्नेह ने विश्व कप से पहले कड़ी मेहनत की थी और चोटिल होने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी। उनकी लगन और संघर्ष ने भारत को वर्ल्ड कप जिताया और देहरादून का नाम विश्व पटल पर चमका दिया।

 

सीएम धामी ने दी बधाई, की 50 लाख की घोषणा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्नेह राणा से फोन पर बात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा, “स्नेह राणा ने मेहनत, संकल्प और प्रतिभा से उत्तराखंड का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। उनकी सफलता हमारे युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है।”

सीएम धामी ने स्नेह राणा के लिए 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को सर्वोत्तम सुविधाएं और सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्नेह राणा का वादा

प्रोत्साहन राशि की घोषणा पर स्नेह राणा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“यह सम्मान मेरे लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है। मैं आगे भी देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करने के लिए निरंतर मेहनत करती रहूंगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *