IMD का अलर्ट, उत्तराखंड के 3 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 8 जिलों में येलो वार्निंग

देहरादून : उत्तराखंड में मानसून ने फिर जोर पकड़ा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए प्रदेश के 3 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 8 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट लागू किया गया है।

 

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश हो सकती है। टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में तेज बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना है। हरिद्वार में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने का खतरा जताया गया है।

 

देहरादून में शाम को मिली गर्मी से राहत

रविवार को राजधानी देहरादून में दिनभर उमस भरी गर्मी रही। अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा था। दोपहर तक लोग गर्मी से परेशान रहे लेकिन शाम को हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।

 

भिलंगना में चमियाला बाजार के पास हादसा

लगातार बारिश के कारण भिलंगना क्षेत्र में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। शनिवार देर रात चमियाला बाजार के ऊपर से पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। इस दौरान विशाल बोल्डर पूर्व सभासद शिवेंद्र रतूड़ी की दुकान पर गिरे जिससे छत पूरी तरह टूट गई। आसपास की कई दुकानों के शटर भी क्षतिग्रस्त हो गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना रात में होने से बड़ा नुकसान टल गया। अगर यह दिन में होता तो जानमाल की हानि हो सकती थी। व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

 

हरिद्वार में चढ़ा तापमान

हरिद्वार में रविवार को गर्मी का असर तेज रहा। आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के आंकड़ों के अनुसार धर्मनगरी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार की तुलना में अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री बढ़ा। दिनभर तेज धूप और उमस की वजह से लोग परेशान नजर आए।

 

प्रशासन की अपील

मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे न जाने और पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है। भूस्खलन संभावित इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *