रुड़की: कांवड़ मेले से ठीक पहले हरिद्वार जिले के रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक अवैध सॉस निर्माण इकाई पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8 क्विंटल वेजिटेबल सॉस नष्ट करा दिया। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में गंदगी के बीच सॉस का निर्माण होता मिला, जबकि 351 बिना लेबल वाली सॉस की बोतलें भी बरामद की गईं। विभाग ने मौके पर ही इन बोतलों को जब्त कर नष्ट कर दिया और फैक्ट्री में खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी।
शिकायतों के बाद हुई छापेमारी
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि हरिद्वार जनपद में बिना लेबल वाली सॉस की बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और पवन कुमार की टीम ने रुड़की के मतलबपुर गांव स्थित एक सॉस निर्माण इकाई पर छापा मारा।
लेबलिंग नियमों का उल्लंघन
जांच के दौरान 351 सॉस की बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, निर्माता का नाम-पता, एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस नंबर और सामग्री (Ingredients) जैसी अनिवार्य जानकारी दर्ज नहीं मिली। यह खाद्य सुरक्षा मानकों का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया।
गंदगी के बीच बन रहा था सॉस
निरीक्षण में फैक्ट्री की स्थिति बेहद खराब मिली। सॉस बनाने वाली मशीनों, दीवारों और फर्श पर भारी गंदगी पाई गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने तैयार सॉस के दो नमूने लेकर जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
आवश्यक दस्तावेज भी नहीं मिले
जांच के दौरान संचालक पानी की गुणवत्ता रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र, पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। नियमों के उल्लंघन के चलते करीब 8 क्विंटल सॉस, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹32 हजार बताई गई है, मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
निर्माण और बिक्री पर लगाई रोक
खाद्य सुरक्षा विभाग ने अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए फैक्ट्री में खाद्य पदार्थों के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। इसके लिए फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।