होली के बाद हाउस टैक्स वसूली के लिए नगर निगम का अभियान, बकायेदारों को अंतिम नोटिस

देहरादून: होली के बाद देहरादून नगर निगम शहर में हाउस टैक्स वसूली को लेकर विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में अधिकतम राजस्व संग्रह के लक्ष्य के साथ निगम की ओर से हर वार्ड में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम ने आठ टीमों का गठन किया है, जो बकायेदारों से सीधे संपर्क कर टैक्स जमा कराने की प्रक्रिया तेज करेंगी।

नगर निगम के अनुसार, रिमाइंडर और नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं करने वाले करदाताओं को अब अंतिम चेतावनी नोटिस जारी किया जाएगा। चेतावनी के 15 दिन के भीतर भी कर जमा नहीं करने पर संबंधित बकायेदार के खिलाफ आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर वसूली की कार्रवाई की जा सकती है।

जोनल कार्यालयों में लगेंगे अतिरिक्त काउंटर

इसके साथ ही वसूली प्रक्रिया को तेज करने के लिए नगर निगम के जोनल कार्यालयों में अतिरिक्त काउंटर भी लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक करदाता समय पर अपना हाउस टैक्स जमा कर सकें।

व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे बिल

करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने डिजिटल व्यवस्था भी लागू कर दी है। अब भवन कर के बिल सीधे व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे हैं, जिनमें ऑनलाइन भुगतान के लिए लिंक और क्यूआर कोड भी शामिल है। इससे करदाता घर बैठे ही आसानी से भुगतान कर सकेंगे।

पिछले महीने महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामी बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि कर वसूली की प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाया जाए, ताकि नगर निगम के राजस्व में वृद्धि हो सके। इसी के तहत निगम ने बड़े बकायेदारों की सूची भी तैयार कर ली है और उन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *