देहरादून। चकराता के सहिया के पास लालपुल क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार टाटा टियागो कार (DL9C 8092) अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे सभी पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में रोहन कुमार (23) निवासी नई दिल्ली, अभिषेक दुबे (26) निवासी रोहिणी दिल्ली, अभिषेक (26) निवासी नोएडा उत्तर प्रदेश, शिवानी सिंह (22) और प्रिन्स राज (22), दोनों निवासी वाराणसी उत्तर प्रदेश घायल हुए हैं।
बताया गया कि हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन अन्य को सामान्य चोटें लगी हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।