देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए देहरादून जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, और निजी स्कूलों को 10 जुलाई 2025 (गुरुवार) को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा यह निर्णय एहतियातन रूप से लिया गया है ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मौसम विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल की चेतावनी के अनुसार, देहरादून जनपद में कहीं-कहीं भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज आंधी के आसार बताए जा रहे हैं। मौसम खराब होने के चलते प्रशासन ने सभी स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी द्वारा पारित हुए आदेश में कहा गया है कि खराब मौसम और सुरक्षा को देखते हुए छात्रों, अभिभावकों और स्कूल प्रशासन को सतर्क रहने की आवश्यकता है। साथ ही, सभी स्कूलों को निर्देशित किया गया है कि वे आदेश का पालन करें।

प्रशासन द्वारा यह कदम पूरी तरह से जनहित में उठाया गया है ताकि होने वाली प्राकृतिक आपदा की स्थिति में किसी भी प्रकार की जानमाल की हानि से बचा जा सके।