हरिद्वार: कोतवाली नगर पुलिस ने फर्जी करेंसी रैकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.10 लाख रुपये के नकली नोट, नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर और एक वरना कार बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार निवासी ग्राम शिखर, तहसील डेरा बाबा नानक, थाना कोटली सूरत मल्ली, जिला गुरदासपुर (पंजाब) तथा सुखबीर सिंह निवासी भटिक्के, थाना तरसिक्का, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि 6 जुलाई को हरिद्वार में सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार को 84,500 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने न्यायालय से टिंकू और सुमित की पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त कर उनसे पूछताछ की।
पूछताछ में मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने पंजाब में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली नोट, उन्हें तैयार करने में प्रयुक्त प्रिंटर और एक कार बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और फर्जी करेंसी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।