Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

दून में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती, नगर निगम ने हटाया अवैध निर्माण

देहरादून। दून शहर में सरकारी जमीनों पर कब्जे की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में दबंगों द्वारा अवैध निर्माण कर सरकारी भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

पेरिस विहार क्षेत्र में नाले की भूमि से हटाया अतिक्रमण

नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम के भूमि अनुभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। नगर निगम के अनुसार पेरिस विहार आमवाला तरला क्षेत्र में खसरा संख्या 102, जो कि श्रेणी-नाला एवं नगर निगम प्रबंधन की भूमि है, वहां नौ लोगों द्वारा अवैध निर्माण किया गया था।
इस मामले में नगर निगम की ओर से पहले ही 30 मई और 10 दिसंबर 2025 को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद सोमवार को निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया।

मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए दिया अंतिम मौका

कार्रवाई के दौरान संबंधित नौ लोग नगर निगम पहुंचे और कुछ दिन का समय मांगा। उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही। इस पर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नगर निगम ने उन्हें तीन दिन का अंतिम अवसर दिया है। निगम ने साफ चेतावनी दी है कि तय समय में शेष अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बिना किसी अतिरिक्त सूचना के सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वाणी विहार क्षेत्र में भी हटाया गया अतिक्रमण

इसी क्रम में वार्ड संख्या-51 वाणी विहार क्षेत्र में नाले पर किए गए अवैध अतिक्रमण और पुलियाओं को हटाने की कार्रवाई भी की गई। इस दौरान अतिक्रमणकारियों की ओर से विरोध किया गया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

अतिक्रमण पर नहीं होगी कोई रियायत

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में नालों, सड़कों और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी ऐसे मामलों में नियमित निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *