गढ़वाल सांसद खेल महोत्सव आज से शुरू, 13 हजार से अधिक युवाओं ने कराया पंजीकरण

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

पौड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में आयोजित होने जा रहे सांसद खेल महोत्सव को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पूरे गढ़वाल क्षेत्र से 13,000 से अधिक युवाओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है।

गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा किया जाएगा। यह महोत्सव 13 दिसंबर से 25 दिसंबर तक आयोजित होगा।

युवाओं की प्रतिभा का मिलेगा मंच

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक आह्वान के बाद गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं ने खेलों के प्रति जिस उत्साह के साथ भागीदारी दिखाई है, वह यहां की अपार खेल प्रतिभा को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इतने बड़े पैमाने पर पंजीकरण होना गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के इतिहास में पहली बार है।

कई जिलों में होंगे खेल आयोजन

सांसद खेल महोत्सव का आयोजन गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के प्रमुख स्थानों जैसे पौड़ी, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, चमोली, मुनिकीरेती और रामनगर में किया जाएगा। इन स्थानों पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

ऐतिहासिक होगा महोत्सव

सांसद बलूनी ने कहा कि पूरे लोकसभा क्षेत्र में महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं और यह आयोजन गढ़वाल लोकसभा के इतिहास में अभूतपूर्व साबित होने जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाए करें।

सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से गढ़वाल के युवाओं को न केवल खेल का मंच मिलेगा, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर भी प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *