पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी के निधन पर उपराष्ट्रपति का शोक, आज देंगे श्रद्धांजलि

देहरादून। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी (मेजर जनरल, सेवानिवृत्त) के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में उनका योगदान मील का पत्थर साबित हुआ है और उनके निधन से देश ने एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठा वाले राजनेता को खो दिया है।

आज बसंत विहार स्थित आवास पहुंचेंगे उपराष्ट्रपति

सूत्रों के अनुसार, उपराष्ट्रपति बुधवार को देहरादून के बसंत विहार स्थित खंडूड़ी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उल्लेखनीय है कि बीती 17 जनवरी को देहरादून दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति ने उनके आवास पर जाकर मुलाकात की थी और लोकसभा में पूर्व सहकर्मी के रूप में अपने संबंधों को याद किया था।

49 दिनों से थे अस्पताल में भर्ती

पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेनि.) का मंगलवार सुबह 11:10 बजे 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार उन्हें एक अप्रैल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में उनकी आंतों में रक्तस्राव की पुष्टि हुई थी और वे पिछले 49 दिनों से विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में थे।

मंगलवार सुबह उन्हें हल्का कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे खंडूड़ी को पहले भी कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इस बार उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।

प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक

पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर राज्य सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। शोक अवधि के दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।

राजकीय शोक को देखते हुए प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी स्कूल एवं कार्यालय आज बंद रहेंगे। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने आदेश जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *