देहरादून: राजधानी देहरादून में बारिश का सिलसिला जारी है और लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के बीच दून के तिमली गांव में नौ कच्चे मकान गिर गए। अचानक हुई इस घटना से मौके पर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना विकासनगर ब्लॉक के सीमांत गांव तिमली की है। शनिवार और रविवार को लगातार हुई बारिश ने गांव में कहर बरपाया। इस दौरान करीब नौ मकान गिरने की खबर सामने आई है। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। वहीं, बारिश के चलते गांव में अन्य कच्चे मकानों के भी गिरने की आशंका है। ऐसे में लोगों पर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मकानों की मरम्मत के लिए मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वे मजदूरी करके अपना पेट भरते हैं। लेकिन इस आपदा में उनके मकान टूट गए हैं और उनकी आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वे खुद से मरम्मत करवा सकें।
इस मामले पर एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार ने बताया कि गांव में टीम भेजी जा रही है। नुकसान के आकलन के उपरांत पीड़ितों को नियमानुसार राहत धनराशि मुहैया करवाई जाएगी।