देहरादून में दिव्यांग युवक से मारपीट, सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा; वीडियो वायरल

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग युवक को सड़क किनारे गिराकर बेरहमी से लात-घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

जानकारी के अनुसार घटना 9 जून 2026 की रात करीब 10:15 बजे की है। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की दो कारों में सवार करीब आठ युवक रायपुर क्षेत्र के ऋषि नगर स्थित एक वाइन शॉप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी एक स्थानीय दिव्यांग युवक से कहासुनी हो गई।

 

आरोप है कि कहासुनी के बाद सभी युवक दिव्यांग युवक पर टूट पड़े और उसे सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से मारने लगे। मारपीट में युवक को कई चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी कारों में बैठकर सहस्त्रधारा की ओर फरार हो गए।

 

पीड़ित ने थाना रायपुर में दी गई शिकायत में बताया कि हमलावर शराब के नशे में थे। उसने पुलिस को घटना का वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट भी सौंपते हुए आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

 

मामले में थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हमलावरों की पहचान हो चुकी है। वाहन हरियाणा नंबर के हैं, लेकिन उनमें सवार सभी लोग देहरादून के निवासी बताए जा रहे हैं।

 

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है और जल्द ही सभी को हिरासत में लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *