उत्तराखंड मौसम। उत्तराखंड में आज बृहस्पतिवार को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में आंधी-तूफान के साथ बिजली चमकने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। इसके अलावा 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना जताई गई है, जिससे ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक से दो दिनों में राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
वहीं देहरादून में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और देर शाम हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। आज भी दून में आसमान बादलों से घिरा रहेगा और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम में इस बदलाव से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड दोबारा लौट सकती है।