देहरादून : नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दर्शन कार्यक्रम को देखते हुए देहरादून स्थित मां डाट काली मंदिर में 14 अप्रैल तक आम भक्तों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। रविवार शाम पांच बजे से मंदिर में श्रद्धालुओं की एंट्री बंद कर दी गई। मंदिर के इतिहास में यह पहला अवसर है जब लगातार दो दिनों तक भक्तों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
14 अप्रैल को करेंगे दर्शन-पूजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम के सिलसिले में 14 अप्रैल को दून आ रहे हैं। अपने दौरे के दौरान वह मां डाट काली मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसी को लेकर मंदिर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
रविवार को मंदिर परिसर में इस संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महंत रमन प्रसाद गोस्वामी के पुत्र शुभम गोस्वामी ने बताया कि सुरक्षा कारणों से मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
14 अप्रैल दोपहर दो बजे के बाद खुलेंगे दर्शन
मंदिर समिति के अनुसार अब श्रद्धालु 14 अप्रैल को दोपहर दो बजे के बाद ही माता रानी के दर्शन कर सकेंगे। तब तक मंदिर में आम भक्तों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
मंदिर समिति के सेवादार दिनेश अग्रवाल और गौरव कुमार ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। मंदिर के इतिहास में पहली बार इस तरह दो दिनों के लिए भक्तों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
आज योगी आदित्यनाथ करेंगे मंदिर में दर्शन
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले योगी आदित्यनाथ आज मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर 3:50 बजे एलिवेटेड कॉरिडोर पर पहुंचेंगे। निरीक्षण करते हुए शाम चार बजे मंदिर पहुंचेंगे और 4:15 बजे दर्शन के बाद मंदिर से रवाना होंगे।